Monday, August 9, 2021

व्यक्तित्व का लक्षण सिद्धान्त (Trait Theory of Personality)

 व्यक्तित्व का लक्षण सिद्धान्त (Trait Theory of Personality)

ऑलपोर्ट का लक्षण सिद्धान्त (Allport's Trait Theory) 

 ऑलपोर्ट ने 1922 में  अपने शोध "An Experimental study of the Traits of Personality". में शीलगुणों/लक्षणों का अध्ययन किया ।इन शीलगुणों को व्यक्तित्व की बुनियादी इकाई (Basic Units of Personality) के रूप में निर्धारित किया। उनके  अनुसार व्यक्तित्व व्यक्ति का वह व्यवहार है जो उसमें निहित कुछ लक्षणों (Traits) से निर्देशित होता है। ऑलपोर्ट ने व्यक्तित्व लक्षणों (Personality Traits) को दो वर्गों में विभाजित किया है- 

1. सामान्य लक्षण (Common Traits) 

2. व्यक्तिगत लक्षण (Personal Traits) ।

1. सामान्य लक्षण (Common Trait) : 

सामान्य लक्षणों के वर्ग में  उन लक्षणों को रखा गया है जो किसी समाज के सभी व्यक्तियों में पाए जाते हैं और जिन लक्षणों से समाज विशेष के सामाजिक मूल्यों (Social Values) और सामाजिक रीति-रिवाजों (Social Mores) की झलक मिलती है।  इनके अनुसार व्यक्तियों में इन लक्षणों का विकास सामाजिक दबाव में होता है, ये व्यक्ति के मौलिक लक्षण नहीं होते। ये  लक्षण किसी  भी समाज के सभी व्यक्तियों में पाए जाते हैं अतः इनके आधार पर उनके व्यक्तित्व की व्याख्या नहीं की जा सकती। इनमे सहयोग करने की भावना एक सामान्य लक्षण  है। यह भावना प्रत्येक व्यक्ति में कम अथवा अधिक मात्रा में पाई जाती है। इसी प्रकार सामान्य मानसिक योग्यता भी एक सामान्य लक्षण है जो सभी व्यक्तियों में भिन्न-भिन्न मात्रा में पाई जाती है।


2. व्यक्तिगत लक्षण (Personal trait): 

व्यक्तिगत लक्षण वे गुण होते  हैं जो व्यक्ति विशेष में पाये जाते हैं। ये गुण  व्यक्ति के लिए अद्वितीय या अनूठे (Unique) होते हैं। अतः इनको अद्वितीय लक्षण (Unique trait) के नाम से भी जाना जाता है। व्यक्तिगत लक्षणों के वर्ग में ऑलपोर्ट ने उन लक्षणों को रखा है जो भिन्न-भिन्न व्यक्तियों में भिन्न-भिन्न होते हैं। और भिन्न-भिन्न मात्रा (Degree) में पाए जाते  हैं। ऑलपोर्ट के अनुसार मनुष्य की समायोजन की क्रियाएँ (Acts of Adjustment) इन्हीं लक्षणों से निर्देशित होती हैं। उन्होंने इन्हीं लक्षणों को व्यक्तित्व भिन्नता (Personality Differences) का आधार माना है। उनकी दृष्टि से व्यक्तित्व इन लक्षणों का योग या बंडल नहीं, इनका एक समाकलित (Integrated) रूप होता है।

ऑलपोर्ट ने व्यक्तिगत लक्षणों (Personal Traits) को व्यक्तिगत प्रवृत्ति (Personal Dispositions) की संज्ञा दी है। उन्होंने इस प्रकार की लगभग 18,000 व्यक्तिगत प्रवृत्तियों के होने का दावा किया है इनकी दृष्टि से इनमें से कुछ प्रवृत्तियों व्यक्तित्व की परिधि (Periphery) पर होती हैं जिन्हें स्पष्ट रूप से देखा-समझा जा सकता है और कुछ व्यक्तित्व के अन्दर अर्थात् केन्द्र (Center) में होती हैं जिन्हें स्पष्ट रूप से देखना-समझना कठिन होता है।


ऑलपोर्ट ने इन सब प्रवृत्तियों को तीन वर्गों में विभाजित किया है-

(i) मुख्य /कार्डिनल प्रवृत्तियाँ (Cardinal dispositions):- 

ये वे प्रवृत्तियाँ हैं जिन्हें मनुष्य के व्यवहार में आसानी से देखा जा सकता है क्योंकि ये प्रवृत्तियाँ इतनी प्रबल होती हैं कि इन्हें छिपाया नहीं जा सकता है। व्यक्ति के प्रत्येक व्यवहार में इनकी झलक दिखाई देती है और इन प्रवृत्तियों के आधार पर ही कोई व्यक्ति विशेष चर्चित होता है, 

जैसे- महात्मा गांधी शान्ति और अहिंसा की कार्डिनल प्रवृत्ति तथा सरदार पटेल कठोरता की कार्डिनल प्रवृत्ति के कारण क्रमशः अहिंसा का पुजारी तथा लौह पुरुष के रूप में संसार भर में जाने जाते हैं।


(ii) केन्द्रीय प्रवृत्तियाँ (Central dispositions): -

ये वे  प्रवृत्तियाँ हैं जो व्यक्ति के भीतर होती हैं। इनके द्वारा ही व्यक्ति का व्यक्तित्व सक्रिय रहता है। व्यक्तित्व इस प्रकार की 5 से  10 प्रवृत्तियों द्वारा ही अधिक प्रभावित होता है। सामाजिकता (Sociability). आत्म-विश्वास (Self-confidence) तथा साहसिकता आदि केन्द्रीय प्रवृत्ति के उदाहरण हैं।


(iii) गौण प्रवृत्तियाँ (Secondary dispositions ) : -

ये वे प्रवृत्तियाँ हैं जो व्यक्ति के लिए कम महत्त्वपूर्ण होती हैं और जिनकी संगतता (Consistency) तथा स्थिरता (Stability) भी कम होती है। इस प्रकार की प्रवृत्तियों में व्यक्ति के आदत जन्य व्यवहार आते हैं। 

जैसे- हेयर स्टाइल, खाने-पीने की आदतें, विशेष प्रकार की पोशाक पहनना आदि।

ऑलपोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि कोई प्रवृत्ति किसी एक व्यक्ति के लिए केन्द्रीय प्रवृत्ति हो सकती है और किसी दूसरे के लिए गौण प्रवृत्ति, यह व्यक्ति में उसकी दृढ़ता (Consistency) पर निर्भर करता है। ऑलपोर्ट के अनुसार इन प्रवृत्तियों से मनुष्य का व्यवहार निर्देशित होता है। उनके अनुसार यह अभिव्यक्त व्यवहार ही व्यक्ति के व्यक्तित्व का परिचायक होता है, इसी के आधार पर किसी व्यक्ति को समझा जा सकता है और किन्हीं दो व्यक्तियों के व्यक्तित्व में भेद किया जा सकता है। 

ऑलपोर्ट के इस सिद्धान्त से अधिकतर मनोवैज्ञानिक सहमत हैं परन्तु कुछ मनोवैज्ञानिकों का यह मानना है कि ऑलपोर्ट ने यह सिद्धान्त केवल स्वस्थ प्रौढ़ों (Healthy Adults) के व्यवहारों के अध्ययन के आधार पर प्रतिपादित किया है, इसे मनोविकृत व्यक्तियों पर लागू नहीं किया जा सकता, इसलिए यह अपने में अर्द्धसत्य ही है, पूर्ण सत्य नहीं।


कैटिल का लक्षण सिद्धान्त (Cattell's Trait Theory)


केटिल के अनुसार व्यक्तित्व का सम्बन्ध मनुष्य के बाह्य (Internal) एवं आन्तरिक (External) दोनों प्रकार के व्यवहार से होता है। उन्होंने किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व के अध्ययन के लिए व्यक्ति (Person), परिस्थिति (Situation) और इन दोनों के बीच होने वाली अन्तः क्रियाओं (Interactions) के अध्ययन को आवश्यक माना है।

कैटिल ने ऑलपोर्ट द्वारा बताए गए 18,000 व्यक्तित्व लक्षणों में से सर्वप्रथम 4500 लक्षणों का चयन किया। इसके  बाद इनमें से समानार्थक (Synonym) शब्दों को निकालकर 200 लक्षणों का चयन किया और अन्त में विश्लेषण (Factor Analysis) द्वारा केवल 35 लक्षणों का चयन किया। इस आधार पर उनके इस सिद्धान्त को 'प्रतिकारक प्रणाली सिद्धान्त' (Factorial System Theory) भी कहते हैं। कैटिल ने इन 35 लक्षणों को दो वर्गों में विभाजित किया। एक सतही लक्षण (Surface Traits) और दूसरे स्रोत लक्षण (Source Traits)।


1. सतही लक्षण (Surface Traits) : 

कैटिल ने सतही लक्षणों में उन लक्षणों को रखा है जो मनुष्य के व्यवहार को प्रत्यक्ष रूप से नियन्त्रित करते हैं। इस प्रकार के लक्षण व्यक्ति की दिन-प्रतिदिन की अन्तःक्रियाओं में आसानी से परिलक्षित होते रहते हैं। इन गुणों की अभिव्यक्ति पूर्ण रूप से स्पष्ट नजर आती है। प्रसन्नता, सत्यनिष्ठा, चिन्ता (Anxiety), सहभागिता (Co-operation) आदि सतही लक्षणों के उदाहरण हैं।


2. स्रोत या मूल लक्षण (Source Traits): 

व्यक्तित्व के मूल लक्षण प्रत्यक्ष रूप से अभिव्यक्त नहीं होते हैं। ये व्यक्ति के व्यवहार को अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करते हैं। ये मूल लक्षण वे आधारभूत संरचनाएँ हैं, जो व्यक्तित्व का केन्द्र मानी जाती है। इन मूल लक्षणों का ज्ञान हमें तब होता है जब कई सतही गुण एक साथ मिलकर किसी मूल गुण के रूप में अभिव्यक्त होते हैं। जैसे परोपकारिता, प्रसन्नता, मिलनसार तथा निःस्वार्थता नामक सतही गुण जब एक साथ किसी व्यक्ति के व्यवहार में परिलक्षित होते हैं तो वे मित्रता नामक मूल गुण के रूप में प्रकट होते हैं। मूल लक्षणों को दो भागों में विभक्त किया जाता है।

(a) शारीरिक रचना सम्बन्धी लक्षण (Constitutional Traits) : शारीरिक संरचना से सम्बन्धित लक्षणों का स्रोत प्राणी की आन्तरिक अवस्थाओं को माना जाता है।

(b) पर्यावरणीय लक्षण (Environmental traits) : ये लक्षण व्यक्ति के भौतिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक वातावरण से प्रभावित होते हैं। इन तीनों प्रकार के वातावरणों से अर्जित गुण व्यक्ति के व्यक्तित्व के रूप में अभिव्यक्त होते हैं।

कैटिल के अनुसार इन लक्षणों के परस्पर सम्बन्ध बड़े जटिल होते हैं और इनकी अन्तःक्रिया ही व्यक्ति के व्यक्तित्व को निर्धारित करती है। कैटिल के अनुसार 35 में से 23 लक्षण ऐसे हैं जो सामान्य व्यक्तियों में पाए जाते हैं और 12 लक्षण ऐसे हैं जो कुछ विशेष व्यक्तियों में पाए जाते हैं और इन 23 लक्षणों में से भी 16 लक्षण ऐसे हैं जो व्यक्तित्व के महत्त्वपूर्ण लक्षण होते हैं। उन्होंने इन 16 लक्षणों के आधार पर एक व्यक्तित्व मापन प्रश्नावली भी बनाई जिसे 16 व्यक्तित्व लक्षण प्रश्नावली (16 P.F. Questionnaire) कहते हैं। 








No comments:

Post a Comment

Please follow, share and subscribe

मनोविज्ञान के सम्प्रदाय (Schools of Psychology)

मनोविज्ञान के सम्प्रदाय (Schools of Psychology) मनोविज्ञान के सम्प्रदाय से अभिप्राय उन विचारधाराओं से है जिनके अनुसार मनोवैज्ञानिक मन, व्यवह...